बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में तिरंगा यात्रा के दौरान नेताओं ने सुरक्षा नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाईं। सारनी के सतपुड़ा डैम में बीजेपी और कांग्रेस नेताओं ने बिना किसी अनुमति और सुरक्षा उपकरण के नावों से डैम का चक्कर लगाया।
जानकारी के अनुसार, तिरंगा यात्रा में नगरपालिका अध्यक्ष किशोर बर्डे, भाजपा पार्षद प्रवीण सोनी, स्थानीय नेता सुधा चंद्रा, भीमू थापा और सतीश बौरासी शामिल हुए। बताया जा रहा है कि दो दर्जन से ज्यादा लोग 8 नावों में सवार होकर डैम के गहरे हिस्से में तीन-चार बार चक्कर लगाए, लेकिन किसी ने भी लाइफ जैकेट नहीं पहना था।
जिम्मेदार बचते नज़र आए
हैरानी की बात यह रही कि यह कार्यक्रम बिना अनुमति के आयोजित किया गया। सतपुड़ा डैम मध्यप्रदेश पॉवर जेनरेटिंग कम्पनी (MPPGCL) के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसके बावजूद डैम में नाव चलाकर तिरंगा यात्रा की गई।
नगर पालिका के मुख्य नगर अधिकारी ने कहा कि यह नगरपालिका अध्यक्ष का निजी कार्यक्रम था और उन्हें इसकी विस्तृत जानकारी नहीं है।
1446 फीट गहराई वाला डैम
सतपुड़ा डैम तवा नदी पर बना है और सतपुड़ा थर्मल पावर स्टेशन को पानी सप्लाई करता है। वर्तमान में डैम का जलस्तर 1430 फीट है और लगातार बारिश के चलते इसमें पानी की आवक बनी हुई है। जलस्तर नियंत्रित करने के लिए रोजाना तीन से सात गेट खोले जा रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे हालात में बिना सुरक्षा के नाव से डैम में उतरना बड़ा जोखिम है।




