रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर स्थित सर्किट हाउस सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा में शामिल हुए। इस दौरान वर्ष 2024-25 की ऑडिट रिपोर्ट को अनुमोदित किया गया, वर्ष 2025-26 का बजट प्रस्तुत कर पास किया गया और साथ ही ऑडिटर की नियुक्ति समेत कई अहम विषयों पर चर्चा की गई।
Read Also- रामगढ़ पहाड़ी संरक्षण को लेकर केंद्र सख्त, राज्य सरकार से मांगी विस्तृत रिपोर्ट
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात की घोषणा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से ओलंपिक में भाग लेने वाले हर खिलाड़ी को अब 21 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। वहीं पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी करोड़ों रुपये का इनाम मिलेगा। इसके तहत –
- स्वर्ण पदक विजेता को 3 करोड़ रुपये
- रजत पदक विजेता को 2 करोड़ रुपये
- कांस्य पदक विजेता को 1 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। हमारी सरकार इन प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और निखारने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने जानकारी दी कि बंद हो चुके खेल अलंकरण समारोह को फिर से शुरू किया गया है और जल्द ही उत्कृष्ट खिलाड़ी सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
Read Also- पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी: सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से वसूले लाखों, पैसे मांगने पर करवा दी हत्या
सीएम ने बताया कि प्रदेश में खेलो इंडिया के नए परिसरों की शुरुआत की गई है। कुछ माह पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान उनसे खेल अधोसंरचना के विस्तार पर विस्तृत चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा कि सरकार की इन पहलों से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।




