दुर्ग। जिले में पुलिस ने एक गंभीर हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, मृतका गंगोत्री उर्फ गंगा जांगड़ ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर दो युवकों को लाखों रुपये दिए थे। नौकरी न मिलने पर गंगोत्री ने पैसों की वापसी मांगनी शुरू की और पुलिस में शिकायत करने की धमकी दी। यह बात आरोपियों को नागवार गुजरी, जिसके बाद उन्होंने महिला की हत्या की योजना बनाई।
पुलिस ने बताया कि हत्या की सुपारी 1 लाख रुपये में दी गई थी। मुख्य आरोपी ने अपने साथी निर्भय जांगड़े को हत्या के लिए तैयार किया, जबकि हेमलता बंजारे भी इस साजिश में शामिल रही। तीनों ने वीडियो कॉल के जरिए हत्या की योजना बनाई।
Read Also- 36 घंटे में सुलझा गैंगरेप कांड: आदिवासी युवती से सुनसान जगह पर किया दुष्कर्म, तीन आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
घटना 20 सितंबर की रात की है, जब आरोपी गंगोत्री को ढाबे में खाना खाने के बहाने बुलाकर बाइक पर टेमरी ले गए। वहां निर्भय ने अपने बेल्ट और मृतिका की चुनरी से गंगोत्री का गला घोंट दिया। पहचान छिपाने के लिए चेहरा पत्थर से कुचला गया। हत्या के बाद आरोपी पास के ही ढाबे में खाना खाने चले गए।
पुलिस ने अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन इस वारदात का मास्टरमाइंड अब भी फरार है। इस मामले की तफ्तीश जारी है और पुलिस उसकी पकड़ के लिए दबिश दे रही है।




