रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने भारतीय वन सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अरुण कुमार पांडे को प्रदेश का नया प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) एवं वन बल प्रमुख नियुक्त किया है। इस संबंध में मंत्रालय महानदी भवन, नया रायपुर से आदेश जारी कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार वर्ष 1990 बैच के भारतीय वन सेवा अधिकारी और वर्तमान प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्री वी. श्रीनिवास राव की सेवानिवृत्ति के बाद वर्ष 1994 बैच के आईएफएस अधिकारी अरुण कुमार पांडे को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अरुण कुमार पांडे वर्तमान में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी प्रबंधन) एवं जैव विविधता संरक्षण सह मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख, छत्तीसगढ़ के पद पर नियुक्त किया गया है।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि उन्हें अपर मुख्य वेतनमान एपेक्स स्केल लेवल-17 में 2 लाख 25 हजार रुपए नियत वेतनमान पर पदस्थ किया गया है।
यह आदेश वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के विशेष सचिव जे.पी. पाठक द्वारा छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है।




