रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) विश्वरंजन का निधन हो गया है। उन्होंने पटना में बीती रात अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार थे और पटना के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, विश्वरंजन को कार्डियक संबंधी गंभीर समस्या के बाद पिछले महीने अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी में इलाज कर रही थी, लेकिन देर रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनका निधन हो गया।
विश्वरंजन 1973 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। उन्हें वर्ष 2007 में छत्तीसगढ़ का छठवां डीजीपी नियुक्त किया गया था। उन्होंने करीब चार वर्षों तक इस पद की जिम्मेदारी संभाली और अपने कार्यकाल में पुलिस प्रशासन में कई अहम सुधार किए।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने खासतौर पर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। उनके नेतृत्व में पुलिस बल की रणनीति और संचालन में कई बदलाव किए गए।
मध्य प्रदेश के विभाजन के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर मिला था। वे लंबे समय तक इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में प्रतिनियुक्ति पर भी रहे और वहां एडिशनल डायरेक्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं।
उनके निधन की खबर के बाद पुलिस महकमे और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर है। कई अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया है।




