पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। जहां एक ओर सियासी उठापटक का दौर चल रहा है, वहीं दूसरी ओर जनता को लुभाने के लिए बड़े-बड़े वादे किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव ने चुनाव से पहले बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर हर उस परिवार को, जिसमें कोई सरकारी नौकरी नहीं है, एक नया नियम बनाकर एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी। यह वादा सरकार बनने के 20 दिन के भीतर अधिनियम बनाकर 20 महीनों में पूरा होगा।
बीजेपी पर निशाना, बेरोजगारी पर सवाल
तेजस्वी ने बीजेपी और नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2020 में आरजेडी ने 10 लाख नौकरियों का वादा किया था, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसे अव्यवहारिक बताकर सवाल उठाए। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा, “उन्होंने पूछा था कि पैसे कहां से आएंगे? लेकिन 20 साल की उनकी सरकार ने नौकरी और बेरोजगारी पर चर्चा तक नहीं की।” उन्होंने दावा किया कि आरजेडी जो कहती है, वह करती है। बिहार में अब नौकरी की बहार आएगी और सामाजिक के साथ-साथ आर्थिक न्याय भी होगा।
आरजेडी के वादे, बिहार को बदनामी से बचाने का दावा
तेजस्वी ने कहा कि बिहार अब बदनामी से मुक्त होगा। उन्होंने एनडीए सरकार पर 20 साल तक बेरोजगारी और असुरक्षा का माहौल देने का आरोप लगाया। आरजेडी पहले भी किसानों और महिलाओं के लिए कई घोषणाएं कर चुकी है। तेजस्वी ने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी बिहार को नया रास्ता दिखाएगी। अब देखना यह है कि चुनाव में उनके ये वादे कितना असर दिखाते हैं।




