बीजापुर। रक्षाबंधन के दिन भैरमगढ़ के सामान्य वन परिक्षेत्र कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। त्योहार के चलते अधिकांश कर्मचारी अवकाश पर थे, जिससे मौके पर भीड़भाड़ नहीं रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वायर में स्पार्किंग होने से आग भड़की और कुछ ही देर में कार्यालय के एक हिस्से में फैल गई। आग से दफ्तर में रखे कागज़ और कुछ सामग्री जलकर खाक हो गई। सूचना मिलने पर विभागीय टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
एसडीओ देवेंद्र गोंड ने बताया कि घटना में केवल कुछ रद्दी कागज़ और सामान को नुकसान हुआ है, जबकि सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज़ सुरक्षित हैं। आग से बचाए गए सामान को सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया है। चूंकि किसी अहम रिकॉर्ड को नुकसान नहीं हुआ, इसलिए थाने को सूचना नहीं दी गई।




