रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा पर पारिवारिक विवाद के चलते गंभीर आरोप लगे हैं। उनके चाचा रविकांत टिकरिहा ने एक शिकायती पत्र में राहुल पर अवैध संबंध रखने और परिवार को तोड़ने का आरोप लगाया है। यह पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
चाचा ने लगाए आरोप
बेमेतरा जिले के सिलहट गांव निवासी रविकांत टिकरिहा का आरोप है कि राहुल की वजह से उनका परिवार बिखर गया और घर-गृहस्थी उजड़ गई। पत्र में उन्होंने समाज के अध्यक्ष से राहुल के खिलाफ कड़ी सामाजिक कार्रवाई की मांग की है।
Read Also- पुजारी हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा: पुलिस के हत्थे चढ़े नाबालिग समेत 5 आरोपी
पुलिस पर राजनीतिक दबाव का आरोप
शिकायती पत्र में यह भी कहा गया है कि राहुल के राजनीतिक रसूख के चलते पुलिस ने थाने में दर्ज शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। पत्र सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग भाजपा के चयन पर सवाल उठा रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि पार्टी विवादित छवि वाले नेता को क्यों आगे बढ़ा रही है। कुछ ने मांग की है कि राहुल को तत्काल पद से हटाया जाए, अन्यथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को इस्तीफा देना चाहिए।

राहुल टिकरिहा की चुप्पी
इस मामले में अब तक राहुल टिकरिहा ने मीडिया से दूरी बनाई हुई है। हालांकि उनके करीबी सूत्रों ने बताया कि यह विवाद चार साल पुराना है और इस मामले में उन्हें कोर्ट से क्लीन चिट मिल चुकी है। आरोप पहले भी उन्हें बदनाम करने के लिए उठाए जा चुके हैं। बताया जा रहा है कि जल्द ही राहुल टिकरिहा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखेंगे।
Read Also- ड्यूटी पर जा रहे CISF जवान से लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
भाजपा-भाजयुमो की ओर से आधिकारिक बयान नहीं
अब तक भाजपा और भाजयुमो की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी सामने नहीं आई है। लेकिन सोशल मीडिया पर इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रियाएं जारी हैं। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनकर राहुल ने परिवारवाद की नई परिभाषा गढ़ दी है।”
18 दिन पहले मिली जिम्मेदारी
गौरतलब है कि राहुल टिकरिहा को 18 दिन पहले ही भाजपा युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। उनके साथ संगठन में 47 नए पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की गई थी।




