रायपुर. भारतीय जनता पार्टी बुधवार को विधानसभा घेराव करने जा रही है. भाजपा का दावा है कि एक लाख से अधिक लोग विधानसभा घेराव में शामिल होंगे. घेराव कार्यक्रम के पहले रिंग रोड नंबर 3 के किनारे ग्राम कचना के पास विशाल आम सभा का कार्यक्रम प्रस्तावित है, जहाँ से विधानसभा घेराव के लिए रैली निकलेगी. इस दौरान विधानसभा आने वाले सभी मार्गों में मजबूत बैरिकेट्स लगाकर रोड को ब्लॉक कर दिया गया है, जहाँ से सामान्य यातायात का आवागमन करना संभव नहीं है. केवल स्कूली छात्र व स्कूली वाहन ही सुबह 6 से 10 बजे तक आवागमन कर सकते हैं. वह भी वे जिनका विद्यालय या महाविद्यालय इस मार्ग में है.
बलौदाबाजार से आने वाले यहां से आए
यातायात डीएसपी गुरजीत सिंह ने बताया कि बलौदाबाजार से रायपुर आने वाले किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए इस मार्ग के स्थान पर खरोरा से आरंग होकर रायपुर आवागमन कर सकते हैं. वहीं रायपुर से बलोदा बाजार जाने वाले वाहन चालक /आम नागरिक भी इसी मार्ग से होकर आवागमन कर सकते हैं.
बिलासपुर से महासमुंद जाने के लिए
बिलासपुर से रिंग रोड नंबर 3 होकर महासमुंद की ओर जाने वाले वाहन चालक विधानसभा रोड को छोड़कर सीधे भनपुरी चौक से रिंग रोड नंबर 2 होकर टाटीबंध चौक से रायपुर रिंग रोड नंबर 1 होकर महासमुंद की ओर आवागमन कर सकेंगे. वहीं महासमुंद से बिलासपुर की ओर जाने वाले वाहन चालक भी इसी मार्ग का उपयोग कर सकेंगे.
दुर्ग-भिलाई से बलौदाबाजार जाने वाले
दुर्ग भिलाई से होकर आने वाले वाहन चालक जिन्हें बलोदा बाजार जाना है. वे असुविधाओं से बचने हेतु बलौदा बाजार मार्ग के स्थान पर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 से आरंग होकर खरोरा तक आवागमन कर सकेंगे, जबकि बलौदा बाजार से रायपुर होकर दुर्ग भिलाई की ओर जाने वाले वाहन चालक भी इसी मार्ग का उपयोग कर सकेंगे.
धमतरी के रास्ते बलौदाबाजार जाने वाले
धमतरी से होकर बलौदा बाजार की ओर जाने वाले वाहन चालक व आम नागरिक असुविधा से बचने के लिए बलौदा बाजार मार्ग के स्थान पर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 से होकर आरंग से खरोरा होकर आवागमन कर सकेंगे.




