बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम टेकर में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां एक परिवार को सामाजिक बहिष्कार का सामना करना पड़ रहा है। परिवार का दोष सिर्फ इतना है कि उनकी नई बहू शादी के कुछ दिन बाद ही किसी और युवक के साथ भाग गई। इसके चलते समाज के पदाधिकारियों ने परिवार पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।
रकम नहीं देने पर परिवार को समाज से बहिष्कृत कर दिया गया। पीड़ित देवी प्रसाद धीवर ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया था, लेकिन समाज के पदाधिकारियों को बिना सूचना दिए समझौता करने पर उन्हें दंडित कर दिया गया।
मेडिकल एडमिशन घोटाला: 19 साल बाद डॉ. एसएन आदिले के खिलाफ कोर्ट में पेश हुआ चालान
जानकारी के मुताबिक, नई नवेली दुल्हन महज आठ दिन घर पर बेटे के साथ रही। जिसके बाद वह अपने मायके पोड़ी के ही युवक के साथ भाग गई। देवी प्रसाद ने इस घटना की जानकारी अपनी बहू के मायके वालों को दी, जिसके बाद दोनों परिवार के बीच सामाजिक बैठक हुई। जिसमें तय किया गया कि लड़की पक्ष के लोग लड़का पक्ष को दिए गए सामान लौटा देंगे। आपसी समझौता के बाद यह मामला निपट गया। देवी प्रसाद ने बताया कि उसने इस घटना की जानकारी अपने समाज के पदाधिकारियों को नहीं दी थी।
इसलिए समाज के अध्यक्ष राजेंद्र धीवर, सचिव पवन धीवर और कोषाध्यक्ष सतीश धीवर सहित अन्य पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि बिना बताए उसने बैठक कर समझौता किया है। लिहाजा, उन्होंने देवी प्रसाद पर 50 हजार रुपए अर्थदंड लगाया। फिर पैसे नहीं देने पर उसे समाज से बहिष्कृत करने का ऐलान कर दिया।




