नई दिल्ली।
उपराष्ट्रपति चुनाव में अब सिर्फ एक दिन बाकी है, लेकिन दो तटस्थ दलों—के. चंद्रशेखर राव की भारतीय राष्ट्र समिति (BRS) और नवीन पटनायक की बीजू जनता दल (BJD)—ने मतदान से दूर रहने का ऐलान किया है। दोनों दलों ने साफ किया है कि वे न तो एनडीए का हिस्सा हैं और न ही इंडिया ब्लॉक के, इसलिए चुनाव में भागीदारी नहीं करेंगे।
बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव ने कहा कि उपराष्ट्रपति चुनाव में हिस्सा न लेना तेलंगाना में यूरिया की कमी से जूझ रहे किसानों की पीड़ा को आवाज देना है। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर किसानों की समस्या का समाधान न करने का आरोप लगाया।
केटीआर ने कहा कि स्थिति इतनी गंभीर है कि यूरिया के लिए कतारों में लगे किसानों के बीच हाथापाई तक हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उपराष्ट्रपति चुनाव में नोटा का विकल्प होता तो बीआरएस उसे ही चुनती।




