नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को भूटान की अपनी दो दिवसीय राजकीय यात्रा पूरी कर देश लौट आए हैं। भूटान में उन्होंने चतुर्थ नरेश जिग्मे सिंग्ये वांगचुक के 70वें जन्मदिन समारोह में हिस्सा लिया था। लौटते ही पीएम मोदी ने सीधा लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल पहुंचकर सोमवार को दिल्ली में हुए ब्लास्ट में घायल लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
पीएम मोदी की मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें वह घायलों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री के इस कदम को लेकर लोगों में राहत और भरोसे की भावना दिखाई दी है।
अब पीएम मोदी आज शाम 5.30 बजे कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की अहम बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यह बैठक प्रधानमंत्री आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर होगी। इसमें दिल्ली ब्लास्ट के बाद देशभर में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद कैबिनेट की नियमित बैठक भी प्रस्तावित है।
Read Also- दिल्ली धमाके की जांच के लिए NIA ने किया विशेष टीम का गठन, पुलिस अधीक्षक रैंक के अधिकारी करेंगे नेतृत्व
लाल किला ब्लास्ट के बाद सरकार एक्शन मोड में
सोमवार को दिल्ली में लाल किला के पास हुए धमाके के बाद केंद्र सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। मंगलवार को गृह मंत्री अमित शाह ने शीर्ष सुरक्षा एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक की थी, जिसके बाद इस मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी गई।
भूटान से ही दिया था पीएम मोदी ने सख्त संदेश
दिल्ली धमाके पर प्रधानमंत्री मोदी ने भूटान से ही कड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था- दिल्ली में हुई भयावह घटना ने सभी के मन को व्यथित कर दिया है। मैं भूटान बहुत भारी मन से आया हूं। पूरी रात जांच एजेंसियों के साथ बैठकें करता रहा। पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। एजेंसियां इस साजिश की तह तक जाएंगी, और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।




