बलौदाबाजार। जिले गिधपुरी थाना क्षेत्र में देर रात हुए एक सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और 9 अन्य घायल हो गए। एक हाईवा ने सड़क किनारे खड़ी क्रूजर गाड़ी को टक्कर मार दी, गाड़ी में 11 लोग सवार थे। हाईवा रेत लेने चिखली घाट की ओर जा रही थी।
जानकारी के मुताबिक, सभी एक ही परिवार के थे, गिधपुरी के तेलासी गांव के रहने वाले थे। परिवार की एक बीमार बेटी का झाड़-फूंक कराने जा रहे थे। घटना सोमवार (29 दिसंबर) रात करीब 2 बजे की है। घायलों ने बताया कि वे अपनी 17 साल की बेटी सुषमा कमल की तबीयत खराब होने के कारण खपरी गांव में एक के पास जा रहे थे।
परिवार की क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान, रेत लेने चिखली घाट की ओर जा रही एक हाईवा ने पीछे से खड़ी क्रूजर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर सड़क से उतरकर खेत में जा पलटी।
मृतकों की पहचान शांति बाई कमल (70 साल) और युगल किशोर कमल (18 साल) के रूप में हुई है। घायलों में ज्योति कमल (25), नेहा कमल (21), संतोष, भूषण, जोगेंद्र (21) और उमा भारती (21) शामिल हैं। इनमें से कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।




