सूरजपुर। जिले के मानपुर गांव में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत गई है। युवक ने अज्ञात कारणों से अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसने के बावजूद उसने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया। अगली सुबह उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतक की पत्नी ने बताया कि आग लगाने के बाद जब उसने पति की हालत देखी तो तुरंत अस्पताल ले जाने की बात कही। सास ने भी इलाज के लिए समझाया, लेकिन युवक ने किसी की बात नहीं मानी। वह रात में अपने कमरे में जाकर सो गया।
सुबह जब पत्नी उठी तो देखा कि पति का शरीर ठंडा पड़ चुका था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल युवक द्वारा आत्मदाह जैसा कदम उठाने के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस परिजनों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।




