रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में पेपर लीक के कारण स्थगित की गई तीन विषयों की परीक्षाओं की नई तारीख घोषित कर दी गई है। अब ये परीक्षाएं 7, 8 और 9 सितंबर को आयोजित की जाएंगी। लगातार तीन प्रश्नपत्र लीक होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है।
नई व्यवस्था के तहत अब सभी संबद्ध कॉलेजों को प्रश्नपत्र पैकेट के माध्यम से भेजने के बजाय ई-मेल के जरिए भेजे जाएंगे। प्रश्नपत्र पासवर्ड प्रोटेक्टेड होंगे और परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले ही कॉलेज प्रबंधन को पासवर्ड उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रश्नपत्र खोलने की पूरी प्रक्रिया कमेटी की मौजूदगी में कराई जाएगी। इस दौरान वीडियोग्राफी भी होगी और पूरी प्रक्रिया की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को दी जाएगी। पासवर्ड के बिना ई-मेल में भेजे गए प्रश्नपत्र को खोला नहीं जा सकेगा।
तीन विषयों के प्रश्नपत्र हुए थे लीक
पिछले महीने दुर्ग स्थित निजी कॉलेज भारतीय कॉलेज से तीन विषयों के प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया था। सबसे पहले बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के एंटोमोलॉजी का प्रश्नपत्र लीक होने का खुलासा हुआ था। मामले में निजी कॉलेज के प्रोफेसर और कुछ विद्यार्थियों की गिरफ्तारी के बाद जांच आगे बढ़ी तो दो अन्य प्रश्नपत्रों के लीक होने की जानकारी सामने आई।
इनमें बीएससी प्रथम वर्ष के प्लांट पैथोलॉजी और प्रथम वर्ष द्वितीय सेमेस्टर के फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स के प्रश्नपत्र शामिल थे। तीनों प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही वाट्सऐप पर वायरल हो गए थे। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तीनों परीक्षाओं को स्थगित कर दिया था।




