रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे निलेश कश्यप (24) की शनिवार सुबह नया रायपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना मंदिर हसौद थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निलेश कश्यप अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी उनकी बाइक अचानक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हेलमेट पहनने के बावजूद उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। निलेश कश्यप की पहचान वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे के रूप में होने के बाद प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है।
फिलहाल मंदिर हसौद पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तेज़ रफ़्तार और नियंत्रण खोने की वजह से यह दुर्घटना हुई हो सकती है।




