बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच पैसों को लेकर हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा। विवाद के दौरान पति ने पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी पति ने भी खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया। दोनों को गंभीर हालत में इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता की मां मंगली बाई के अनुसार, शनिवार शाम करीब एक हजार रुपये चोरी होने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। पत्नी ने अपने पति पर पैसे चुराने का आरोप लगाया था। इसी मुद्दे पर रविवार सुबह दोनों के बीच फिर से कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि सुबह करीब 10 बजे पति ने आपा खोते हुए पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी ने भी खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोगों ने दोनों को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पीड़िता की मां ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और सभी लोग भीख मांगकर अपना गुजारा करते हैं। दंपती के चार छोटे बच्चे हैं, जो घटना के बाद सदमे में हैं। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह घरेलू विवाद का मामला है। आरोपियों के बयान और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




