रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। प्रदेश को आज नया मुख्य सचिव मिल सकता है, क्योंकि मौजूदा मुख्य सचिव अमिताभ जैन आज सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके रिटायरमेंट से पहले ही नए मुख्य सचिव की दौड़ को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
इस अहम पद के लिए सबसे मजबूत दावेदार 1992 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुब्रत साहू माने जा रहे हैं। वे वर्तमान में धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी रामलला तीर्थ दर्शन योजना में उनकी अहम भूमिका रही है। सुब्रत साहू को उनकी प्रशासनिक दक्षता के लिए जाना जाता है और एक सर्वे में उन्हें देश के 50 प्रभावशाली आईएएस अफसरों में भी स्थान मिला था।
Read Also- रायपुर में 8 साल से अधूरे स्काईवॉक निर्माण कार्य को फिर से मिली रफ्तार, 50 करोड़ खर्च के बाद बचे हुए कार्य पर 37.75 करोड़ और खर्च होंगे
मुख्य सचिव पद की दौड़ में दूसरा नाम 1994 बैच के वरिष्ठ आईएएस मनोज पिंगुआ का है। पिंगुआ का नाम भी काफी गंभीरता से चर्चा में है। हाल ही में वे दिल्ली में प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों से मुलाकात करने पहुंचे थे, जिसके बाद से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें शीर्ष प्रशासनिक पद की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
इस बीच रविवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अचानक राज्यपाल से मुलाकात की, जिसे राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा जारी तस्वीरों में सीएम साय राज्यपाल को शॉल भेंट करते नजर आए। आधिकारिक बयान के अनुसार, इस मुलाकात में राज्यहित से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
Read Also- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज होगी कैबिनेट की अहम बैठक, कई बड़े फैसलों पर लग सकती है मुहर
इसके साथ ही सरकार में नई कैबिनेट नियुक्तियों को लेकर भी चर्चा जोरों पर है। सूत्रों की मानें तो नए मंत्रियों को शामिल करने पर भी जल्द फैसला लिया जा सकता है।




