रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) भर्ती परीक्षा घोटाले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को सीबीआई ने पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें सीजीपीएससी की पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक भी शामिल हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आरती वासनिक के अलावा डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित और सीजीपीएससी के पूर्व सचिव के बेटे सुमित ध्रुव, निशा कोसले, दीपा आदिल और जीवन किशोर ध्रुव शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, सीबीआई ने गुरुवार को इन सभी से लंबी पूछताछ की थी, जिसके बाद शुक्रवार को उन्हें हिरासत में लिया गया। सुमित ध्रुव के बारे में बताया जा रहा है कि वह सीजीपीएससी के पूर्व सचिव का पुत्र है।
Read Also- ED का खुलासा: पूर्व सरकार के समय सक्रिय था वॉट्सएप ग्रुप ‘BIG BOSS’… जिसमे चला घोटालों का खेल
इससे पहले भी दिसंबर 2024 में सीबीआई ने आरती वासनिक से पूछताछ की थी। वहीं, जुलाई 2023 में सीबीआई ने 2020 से 2022 के बीच हुई भर्ती परीक्षाओं में धांधली के आरोपों की जांच अपने हाथ में ली थी। इन परीक्षाओं के जरिए डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी और अन्य वरिष्ठ सरकारी पदों पर चयन किया गया था।
इस घोटाले में अब तक आधा दर्जन से ज्यादा लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें सीजीपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी, उनके भतीजे नितेश और साहिल सोनवानी, तत्कालीन उप नियंत्रक परीक्षा ललित गणवीर, श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड के निदेशक श्रवण कुमार गोयल, उनके बेटे शशांक गोयल और बहू भूमिका कटियार शामिल हैं।
Read Also- वीकएंड पर ओटीटी रिलीज: ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ से ‘हॉन्टेड होटल’ तक, देखें ये फिल्में और सीरीज
जानकारी के मुताबिक, नितेश सोनवानी, शशांक गोयल और भूमिका कटियार को डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित किया गया था, जबकि साहिल सोनवानी का चयन डीएसपी के रूप में हुआ था।




