रायपुर। राजधानी समेत पूरे छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी से लोगों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी वर्षा हो सकती है। विशेषकर दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना सबसे अधिक है।
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि बस्तर और रायपुर संभाग के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। इस दौरान रायपुर का अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Read Also- स्वतंत्रता दिवस: पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फहराया तिरंगा, तस्वीरों में देखें खास पल
सिनोप्टिक स्थिति
पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और दक्षिण ओडिशा-उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर बना निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है। इससे जुड़ा ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला है और दक्षिण की ओर झुका हुआ है। अगले 24 घंटों में इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना जताई गई है।
मानसून द्रोणिका बीकानेर से लेकर दक्षिण ओडिशा-उत्तरी आंध्र प्रदेश तक फैली हुई है, जो निम्न दबाव के केंद्र से होकर गुजर रही है। वहीं, बंगाल की खाड़ी से कच्छ तक फैली पूर्व-पश्चिम द्रोणिका भी सक्रिय है, जिससे छत्तीसगढ़ सहित मध्य और पश्चिम भारत में बारिश की संभावनाएं बनी हुई हैं।




