रायपुर। छत्तीसगढ़ के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि संबंधित परीक्षा को रद्द कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की गई है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस पर निशाना
वंदे मातरम् को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वंदे मातरम् के दो पद गाने का निर्णय लिया है। साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और मुस्लिम लीग में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति के कारण देश का विभाजन हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वंदे मातरम् गाते हुए अनेक लोगों ने देश के लिए अपना बलिदान दिया है। राष्ट्रगीत का हमेशा सम्मान किया जाना चाहिए।
बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली के लिए रवाना हुए। उनके साथ उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन भी दिल्ली गए हैं।




