बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला को न्याय दिलाने वाला वकील ही उसका शोषक बन गया। केस लड़ते-लड़ते वकील महिला के करीब आया, फिर उसे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो उसने रिश्ता तोड़ने के साथ मारपीट भी की। अब पुलिस ने आरोपी वकील को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
केस की आड़ में पनपा रिश्ता
सरकंडा इलाके की रहने वाली 26 वर्षीय महिला ने बताया कि उसकी शादी के बाद पति उससे अक्सर मारपीट करता था। परेशान होकर उसने तलाक का मामला न्यायालय में दायर किया। इसी दौरान उसकी मुलाकात लतेल बाड़ा निवासी वकील पवन अवस्थी से हुई, जिसने उसका केस अपने हाथ में लिया।
केस की कार्यवाही के दौरान वकील और महिला के बीच बातचीत बढ़ने लगी। महिला का कहना है कि वकील ने पहले दोस्ती की, फिर प्यार का इजहार किया और शादी करने का वादा किया। इसी भरोसे पर महिला ने उस पर विश्वास किया, लेकिन वकील ने उस विश्वास को तोड़ दिया।
Read Also- आत्मानंद स्कूल की बड़ी लापरवाही: छुट्टी के बाद पहली कक्षा की बच्ची क्लासरूम में रह गई बंद, परिजनों ने जताई नाराजगी
वकील बोला- “पत्नी से तलाक लेकर करूंगा तुमसे शादी”
महिला के मुताबिक, वकील ने उसे बताया कि उसकी पत्नी के साथ भी संबंध अच्छे नहीं हैं और वह जल्द ही तलाक लेकर उससे शादी करेगा। लेकिन जब महिला ने शादी का दबाव बनाया, तो वकील ने बचना शुरू कर दिया।
शादी का दबाव डालने पर की मारपीट
महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने वकील से शादी करने की बात कही, तो उसने मारपीट की, धमकाया और उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया। इससे परेशान होकर महिला ने 2 नवंबर को सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने शिकायत के आधार पर वकील पवन अवस्थी के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और धमकी की धाराओं में मामला दर्ज किया। 3 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।




