KHABARWAAD BILASPUR. जिले के पचपेड़ी थाना अंतर्गत ग्राम भरारी से लगे जंगल में मंगलवार सुबह युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर में चोट के निशान मिले हैं। लाश दो दिन पुरानी होने के कारण अब तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
दरअसल मंगलवार सुबह ग्राम भरारी के ग्रामीण जंगल में लकड़ी लेने गए थे, जहां उन्होंने एक युवक की लाश देखी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पचपेड़ी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। प्रथम दृष्टया से लाश दो से तीन दिन पुरानी होने की बात पुलिस ने कही है। मृतक के शर्ट में खून के धब्बे के साथ शरीर में चोट के निशान भी मिले है। घटना स्थल पर किसी प्रकार के संघर्ष के निशान और हथियार पुलिस को नहीं मिले हैं, पुलिस अब तक यह तय नहीं कर पाई है कि मृतक की हत्या हुई है या फिर किसी जंगली जानवर ने शिकार करने के लिए उसपर हमला किया है। जिससे उसकी मौत हुई है। मृतक की पहचान नहीं हुई है, पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।




