नई दिल्ली। मध्य प्रदेश और राजस्थान में कफ सिरप से हुई मौतों के बाद केंद्र सरकार की एडवाइजरी के अनुरूप दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को राजधानी में इस जहरीले कफ सिरप पर प्रतिबंध लगा दिया। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक में सीएम ने इस मुद्दे पर चर्चा की और केंद्र के दिशा-निर्देशों को गंभीरता से लागू करने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं पर व्यापक चर्चा शनिवार को आयोजित मासिक स्वास्थ्य समीक्षा बैठक में दिल्ली सरकार के सभी अस्पतालों के मेडिकल सुपरिटेंडेंट्स शामिल हुए। बैठक में दवाइयों, उपकरणों, कर्मचारी व्यवस्था और बुनियादी ढांचे पर विचार-विमर्श हुआ। सीएम ने स्वास्थ्य विभाग और पीडब्ल्यूडी के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया, ताकि दवाइयों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित हो। उन्होंने बताया कि अस्पतालों में उपकरणों की कमी को दूर किया गया है, जिसमें पीपीपी मॉडल और सीएसआर के माध्यम से नई मशीनें शामिल की गई हैं।
अस्पतालों में सुधार सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दावों के उलट बड़े अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद इन कमियों को दूर किया। अब दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में वेंटिलेटर की कोई कमी नहीं है, सभी वेंटिलेटर बेड कार्यरत हैं, और 90% दवाइयां उपलब्ध हैं।




