दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-1 के निकट खड़ी एक ईको वैन में मंगलवार शाम जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास खड़ी पांच से छह वाहनों के परखच्चे उड़ गए और तीन अन्य वाहनों में भीषण आग लग गई।
लोक नायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने अब तक आठ लोगों की मौत और 24 के घायल होने की पुष्टि की है। सभी घायलों को LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
धमाके की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विसेज की पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। विभाग के अनुसार गेट नंबर-1 के पास एक कार में विस्फोट हुआ जिससे तीन से चार अन्य वाहनों में आग लगी और उन्हें क्षति पहुंची।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर चुकी है। प्रारंभिक जांच में हर संभावित कोण की पड़ताल की जा रही है, जिसमें सीएनजी लीक की आशंका भी शामिल है। अभी तक किसी आतंकी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है और कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।
घटना के बाद लाल किला मेट्रो स्टेशन का गेट नंबर-4 बंद कर दिया गया है। दिल्ली सहित मुंबई और उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।




