नई दिल्ली। पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपनी नई फिल्म *‘सरदार जी 3’* को लेकर विवादों में हैं। फिल्म का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ, जिसमें पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर लीड रोल में नजर आ रही हैं। फिल्म को भारत में रिलीज नहीं किया जाएगा, बल्कि इसे केवल विदेशी सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया जाएगा। इस फैसले के पीछे भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और हानिया आमिर द्वारा भारत-विरोधी पोस्ट्स को मुख्य कारण माना जा रहा है। बीबीसी एशियन नेटवर्क को दिए इंटरव्यू में दिलजीत दोसांझ ने कहा, “फरवरी में जब फिल्म शूट हुई थी, तब हालात सामान्य थे। अब परिस्थितियां बदल गई हैं और प्रोड्यूसर्स ने फैसला लिया कि फिल्म भारत में रिलीज नहीं होगी। मैं इस फैसले का समर्थन करता हूं क्योंकि इसमें उनका काफी निवेश है।” दिलजीत ने हानिया के साथ काम करने के अनुभव को भी सकारात्मक बताया और कहा कि वह बहुत प्रोफेशनल हैं और काम के दौरान केवल काम पर ही ध्यान रहा।
पेड़ में लटकते मिली युवक-युवती की लाश, इलाके में फैली सनसनी
फिल्म के ट्रेलर में हानिया आमिर की मौजूदगी के कारण सोशल मीडिया पर विरोध तेज हो गया है। FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने आरोप लगाया कि दिलजीत ने पाकिस्तानी कलाकार के साथ काम कर भारतीय सैनिकों के बलिदान का अपमान किया है। उन्होंने दिलजीत के आने वाले सभी प्रोजेक्ट्स पर बैन लगाने की मांग की है। फिलहाल दिलजीत की फिल्म *‘सरदार जी 3’* की अंतरराष्ट्रीय रिलीज तय है, लेकिन भारत में इसके बहिष्कार और विरोध की आवाजें लगातार तेज होती जा रही हैं।




