नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने लोकप्रिय कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ के तहत देशभर के छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करेंगे। बोर्ड परीक्षाओं से पहले आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों के मन से परीक्षा का डर दूर करना और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री न सिर्फ छात्रों बल्कि शिक्षकों और अभिभावकों से भी बातचीत करेंगे। परीक्षा के दबाव, तनाव प्रबंधन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच जैसे विषयों पर पीएम मोदी अपने अनुभव साझा करेंगे और छात्रों के सवालों के जवाब देंगे।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस साल ‘परीक्षा पे चर्चा’ के लिए 4.19 करोड़ छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया है। इसके अलावा 24.84 लाख शिक्षकों और 6.15 लाख अभिभावकों ने भी रजिस्ट्रेशन कर कार्यक्रम में भागीदारी दर्ज कराई है। कुल पंजीयन का आंकड़ा 4.50 करोड़ से अधिक पहुंच चुका है, जो इस पहल को लेकर देशभर में बढ़ते भरोसे और उत्साह को दर्शाता है।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन के डीडी नेशनल, डीडी न्यूज और डीडी इंडिया सहित प्रमुख टीवी चैनलों पर किया जाएगा। साथ ही आकाशवाणी और डिजिटल प्लेटफॉर्म—प्रधानमंत्री कार्यालय, शिक्षा मंत्रालय, माईगव, यूट्यूब और फेसबुक लाइव—पर भी इसे देखा और सुना जा सकेगा।
हर साल की तरह इस बार भी ‘परीक्षा पे चर्चा’ के जरिए प्रधानमंत्री छात्रों को यह संदेश देंगे कि परीक्षा जीवन का हिस्सा है, बोझ नहीं—और सही सोच के साथ इसे आत्मविश्वास में बदला जा सकता है।




