सरगुजा। जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पांच दोस्तों की महफिल में आपसी मजाक इतना भारी पड़ गया कि एक युवक ने चाकू से दो साथियों पर हमला कर दिया। इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और जांच जारी है।
मामला रजपुरीकला के पखनापारा गांव का
जानकारी के अनुसार, पखनापारा गांव में सोमवार रात करीब 9:30 बजे सुदर्शन दास, मदन सिंह, चिंटू राम प्रजापति और उनके दो अन्य दोस्त एकत्र होकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान आपसी मजाक को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर चिंटू राम प्रजापति गुस्से में घर गया और वहां से चाकू लेकर लौटा।
Read Also- इलाज में लापरवाही पड़ी महंगी: उपभोक्ता फोरम ने निजी अस्पताल पर ठोका 5 लाख का जुर्माना
दो दोस्तों पर चाकू से हमला
चिंटू ने सबसे पहले सुदर्शन दास पर चाकू से हमला किया, जिससे सुदर्शन की कमर में गंभीर चोट आई। वह किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। इसके बाद चिंटू ने मदन सिंह पर भी हमला करने की कोशिश की। मदन वहां से भाग निकला, लेकिन वह लापता हो गया।
सुबह मिला मदन सिंह का शव
रातभर की खोजबीन के बावजूद मदन सिंह का कुछ पता नहीं चला। मंगलवार सुबह उसका खून से सना शव गांव के बाहर स्थित बांसबाड़ी में मिला। उसके सीने पर चाकू के गहरे घाव पाए गए हैं।
Read Also- POCSO और अपहरण के केस में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: आरोपी को किया दोषमुक्त, गवाही को बताया ‘स्टर्लिंग’ नहीं
मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना पर लखनपुर थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम के प्रभात भगत ने घटनास्थल का मुआयना किया। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि चाकू से सीने पर वार किए जाने के कारण ही मदन सिंह की मौत हुई है।




