गोइलकेरा (पश्चिम सिंहभूम)। गोइलकेरा थाना क्षेत्र के रेला गांव स्थित बुरजूवा पहाड़ी के पास रविवार सुबह पुलिस और माकपा माओवादी नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। गुप्त सूचना पर चाईबासा पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम इलाके में सर्च अभियान चला रही थी, तभी नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
नक्सली कमांडर मारा गया
जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया और नक्सलियों के भागने के रास्ते बंद कर दिए। इस दौरान 10 लाख रुपए का इनामी जोनल कमांडर अमित हांसदा उर्फ अपटन मारा गया। घटनास्थल से एक एसएलआर बरामद होने की भी सूचना है।
अतिरिक्त बल तैनात
चाईबासा एसपी राकेश रंजन ने मुठभेड़ की पुष्टि की है और बताया कि इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है। समाचार लिखे जाने तक सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी थी।




