पुणे: पिंपरी-चिंचवड के सांगवी क्षेत्र स्थित रक्षक चौक पर विदेशी नागरिकों द्वारा ट्रैफिक नियंत्रण करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना ने शहर में बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था एवं नागरिक अनुशासन की कमी पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।
रक्षक चौक पर अक्सर जाम की स्थिति रहती है। जाम से बचने के लिए कई दोपहिया वाहन चालक फुटपाथ का दुरुपयोग करते हैं, जिससे पैदल यात्रियों को परेशानी होती है। इसी दौरान मौके पर मौजूद विदेशी नागरिकों ने फुटपाथ से गुजर रहे बाइक एवं स्कूटरों को रोका।
वीडियो में विदेशी नागरिक दोपहिया वाहनों को रोककर इशारों से समझाते नजर आ रहे हैं कि फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए है तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करें। उन्होंने वाहन चालकों से सड़क का सही उपयोग करने की अपील की.
घटना का वीडियो किसी राहगीर ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो अब वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद शहरभर में चर्चा शुरू हो गई है कि ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के लिए विदेशी मेहमानों को आगे आना पड़ रहा है। कई लोग स्थानीय प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं।




