राजनांदगांव। फेसबुक पर दोस्ती के बाद प्यार में बदली मुलाकात एक युवती के लिए दर्दनाक अनुभव बन गई। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी विकास सिंह (25) ने शादी का प्रलोभन देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया और बाद में शादी से मुकर गया। घटना डोंगरगढ़ के एक लॉज में जुलाई 2023 में हुई थी, जिसकी शिकायत पीड़िता ने कोरबा कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी।
रायपुर में हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं के ऑफिस पर चला बुलडोजर, सूदखोरी मामले में जांच तेज
लॉज में दो दिन रुके, फिर किया दुष्कर्म
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2020 में फेसबुक के माध्यम से विकास से उसकी दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों ने शादी का वादा भी किया, जिसकी जानकारी विकास के परिजनों को भी थी। जुलाई 2023 में दोनों डोंगरगढ़ मंदिर दर्शन के लिए आए, जहां एक लॉज में दो दिनों तक ठहरे। इसी दौरान आरोपी ने शारीरिक संबंध बनाए।
2024 में बिगड़े रिश्ते, फिर दर्ज कराई FIR
दोनों के बीच प्रेम प्रसंग करीब तीन साल तक चलता रहा, लेकिन सितंबर 2024 के बाद से विकास का व्यवहार बदलने लगा। वह शादी को लेकर टालमटोल करने लगा और विवाद करने लगा। थक-हारकर पीड़िता ने कोरबा कोतवाली में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। चूंकि घटना डोंगरगढ़ की थी, इसलिए मामला डोंगरगढ़ पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
बेंगलुरु से गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
लंबी जांच के बाद पुलिस को विकास की लोकेशन कर्नाटक के बेंगलुरु में मिली। डोंगरगढ़ पुलिस की टीम ने वहां से आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




