पणजी। गोवा के Birch by Romeo Lane नाइटक्लब में 6 दिसंबर को लगी आग में 25 लोगों की मौत के मामले में क्लब के दो मालिक सौरभ और गौरव लूथरा का झूठ पकड़ा गया है। दोनों ने देश छोड़कर भागने की बात से इनकार किया था, लेकिन गोवा पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आग लगने के कुछ घंटे बाद ही 7 दिसंबर तड़के 1:17 बजे लूथरा बंधुओं ने मेक माई ट्रिप से थाईलैंड की टिकटें बुक की थीं। उस समय गोवा पुलिस और फायर सर्विसेज आग बुझाने में जुटी हुई थीं।
मामले में अब तक पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इनमें क्लब के चीफ जनरल मैनेजर राजीव मोदक, जनरल मैनेजर विवेक सिंह, बार मैनेजर राजीव सिंघानिया, गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर और कर्मचारी भरत कोहली शामिल हैं।
दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में आज फरार लूथरा बंधुओं की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। कोर्ट ने तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया और अगली सुनवाई कल के लिए निर्धारित की। गोवा पुलिस ने याचिका का कड़ा विरोध किया। वहीं आरोपी अजय गुप्ता को दिल्ली में तैनात गोवा पुलिस टीम ने मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। मेडिकल जांच के बाद उसे गोवा लाया जाएगा।




