पणजी।
गोवा के अरपोरा स्थित नाइट क्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में हाल ही में हुए अग्निकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्लब के मालिक लूथरा ब्रदर्स—गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा—के खिलाफ इंटरपोल ने ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है। आग लगने के बाद दोनों देश छोड़कर फरार हो गए थे।
गोवा पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, इंटरपोल द्वारा ब्लू कॉर्नर नोटिस घटना के केवल दो दिन बाद जारी किया गया, जबकि आमतौर पर इस प्रक्रिया में एक सप्ताह या उससे अधिक समय लगता है। पुलिस की सक्रियता और केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग के कारण यह कार्रवाई तेज गति से पूरी हुई।
ब्लू कॉर्नर नोटिस के जरिए आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने और उन्हें किसी अन्य देश में जाने से रोकने में मदद मिलेगी। पुलिस इनपुट के अनुसार, गौरव और सौरभ लूथरा रविवार सुबह लगभग 5.30 बजे थाईलैंड के फुकेट के लिए इंडिगो की फ्लाइट से रवाना हुए थे, ताकि आधी रात को लगी आग के बाद गिरफ्तारी या पूछताछ से बच सकें।
इस मामले से जुड़े एक अन्य आरोपी अजय गुप्ता को दिल्ली से हिरासत में लिया गया है। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी था, और पुलिस टीम के उसके घर पहुंचने पर वह फरार मिला था। बाद में वह राष्ट्रीय राजधानी में पकड़ा गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अजय गुप्ता की औपचारिक गिरफ्तारी की जाएगी।
अब तक इस अग्निकांड मामले में छह लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में नाइट क्लब के चीफ जनरल मैनेजर राजीव मोदक, जनरल मैनेजर विवेक सिंह, बार मैनेजर राजीव सिंघानिया, गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर और कर्मचारी भरत कोहली शामिल हैं।




