मुंबई। सोलापुर से मुंबई आने वाली सिद्धेश्वर एक्सप्रेस के एसी कोच में करीब 5 करोड़ रुपए मूल्य के सोने की चोरी का मामला सामने आया है। इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरी की वारदात 6 और 7 दिसंबर की दरमियानी रात सोलापुर–कल्याण सेक्शन के बीच हुई।
जानकारी के अनुसार, मुंबई निवासी अभयकुमार जैन अपनी बेटी के साथ एसी कोच A-1 में बर्थ नंबर 49 और 51 पर यात्रा कर रहे थे। उनके पास दो ट्रॉली बैग थीं, जिनमें से एक ब्लू-ब्लैक रंग की अमेरिकन टूरिस्टर बैग में लगभग 5 किलो सोने के आभूषण रखे हुए थे। बैग को लॉक कर बर्थ के नीचे रखा गया था।
7 दिसंबर की सुबह जब ट्रेन कल्याण स्टेशन के करीब पहुंची, तब जैन की नींद खुली और उन्होंने देखा कि कीमती सोने वाला बैग गायब है। उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी टीटीई विक्रम मीणा को दी और तत्परता से रेल मदद सेवा पर संपर्क किया। लोकेशन कल्याण के नजदीक होने के कारण पीड़ित को सीधे वहां की जीआरपी के पास भेजा गया।
कल्याण जीआरपी ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम कोच, प्लेटफॉर्म और स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।




