रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में ड्यूटी के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। हवलदार रामपाल बागड़ी की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वे एक्स-रे कराने जिला अस्पताल पहुंचे थे। सीने में तेज दर्द उठने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई और इलाज शुरू होने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रामपाल को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वे बेहोश होकर गिर पड़े। डॉक्टरों ने तुरंत सीपीआर देने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडेय भी अस्पताल पहुंचे। हवलदार का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। इस घटना से पुलिस विभाग और स्थानीय समुदाय गमगीन है।




