KHABARWAAD RAIPUR. छत्तीसगढ़ में सोमवार दोपहर बाद मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के कई इलाकों में अंधड़ और बारिश के साथ ओले गिरे हैं। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से रास्ता बाधित हो गया। वहीं रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर में बादल छाए हुए हैं। यहां भी बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग ने 18 और 19 मार्च को ऑरेंज और 20 मार्च के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश और अंधड़ के साथ ओले गिर सकते हैं। अगले 4 से 5 दिनों तक दिन का तापमान कम रहेगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश संग बरसे ओले
उत्तर छत्तीसगढ़ यानी सरगुजा संभाग के बलरामपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-भरतपुर-सोनहत में सोमवार को बारिश के साथ ओले गिरे हैं। तेज हवाओं और आंधी के चलते कोरिया में सड़क पर पेड़ गिरने से रास्ता बाधित हो गया। मनेंद्रगढ़ में करीब डेढ़ घंटे तक पानी बरसा है।




