देहरादून। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। पहाड़ी राज्यों में प्राकृतिक आपदा का कहर जारी है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां यमुनोत्री की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओजरी के पास एक पुल भारी बारिश की वजह से बह गया। यह हादसा सोमवार सुबह हुआ, जिससे यमुनोत्री धाम का सड़क संपर्क पूरी तरह से बाधित हो गया।
8 जुलाई को भौम प्रदोष व्रत का संयोग, जानिए क्या करें और किन बातों से बचें
उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार, पुल टूटने के बाद मार्ग की मरम्मत और बहाली का कार्य तेजी से चल रहा है। प्रशासन तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक रास्तों की भी तलाश कर रहा है।
इधर, रुद्रप्रयाग जिले में भी सोमवार सुबह भारी बारिश हुई। भारतीय मौसम विभाग ने रविवार को ही उत्तराखंड के कई जिलों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था। उत्तरकाशी, टिहरी, बागेश्वर, देहरादून और रुद्रप्रयाग में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
भारी बारिश के कारण अलकनंदा नदी उफान पर है, हालांकि फिलहाल यह नदी खतरे के निशान से नीचे बह रही है, लेकिन प्रशासन ने तटीय इलाकों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को यमुनोत्री मार्ग पर आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने सिलाई बैंड और ओजरी बैंड क्षेत्रों में स्थिति का जायजा लिया। लगातार बारिश से कई हिस्सों में सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे तीर्थयात्रियों की आवाजाही पर असर पड़ा है।
प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।




