दुर्ग। जिले के नगपुरा चौकी क्षेत्र में कुछ दिन पहले मिले अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि मृतक की हत्या उसकी ही पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। वजह यह थी कि पत्नी और उसके प्रेमी के बीच अवैध संबंध थे और पति उनके मिलने-जुलने में बाधा बन रहा था।
मृतक की पहचान सरस्वती नगर निवासी धनेश ठाकुर (उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि धनेश की पत्नी अंजनी ठाकुर का पड़ोसी हरपाल सिंह उर्फ छोटू से प्रेम संबंध था। धनेश इस रिश्ते का विरोध करता था, जिससे नाराज़ होकर दोनों ने उसकी हत्या की योजना बनाई।
Read Also- बच्चों के खाने में फ़िनाइल मिलाने वाला शिक्षक गिरफ्तारी के बाद अब हुआ निलंबित
घटना 22 अगस्त की है। हरपाल सिंह, धनेश को बहाने से नगपुरा स्थित आंवला बगीचा ले गया। वहां उसे पहले शराब पिलाई और नशे की हालत में पत्थर से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने जांच के दौरान संदेह के आधार पर पत्नी और उसके प्रेमी से पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध कबूल कर लिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।




