कांकेर। जिले में तीन तलाक़ का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी को मोबाइल फोन के माध्यम से तलाक़ दे दिया। मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, गरियाबंद निवासी इरफान वारसी की शादी वर्ष 2017 में कांकेर की एक मुस्लिम युवती से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही इरफान का अफेयर दूसरी महिला से शुरू हो गया, जिससे पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ता गया। इसी दौरान इरफान ने अपनी प्रेमिका से शादी भी कर ली और उसे घर ले आया।
Read Also- पुलिस ने अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का किया भंडाफोड़, 1 करोड़ की हेरोइन जब्त, 9 आरोपी गिरफ्तार
इस बीच, इरफान की पहली पत्नी कांकेर में रह रही थी। 20 जून 2025 को इरफान ने अपनी पहली पत्नी को फोन कर तीन बार “तलाक़” कहकर विवाह समाप्त करने की घोषणा कर दी। घटना के समय पीड़िता का भाई हज यात्रा के लिए सऊदी अरब में था। बहन से जानकारी मिलने पर उसने वहीं से अपने बहनोई इरफान को फोन कर समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी।
इसके बाद पीड़िता का भाई कांकेर लौटकर मुस्लिम समाज के सदस्यों के साथ कोतवाली थाना पहुंचा और आरोपी इरफान वारसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि तीन तलाक़ अब कानूनन अपराध है और इसे सामाजिक रूप से भी स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कांकेर पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
Read Also- छत्तीसगढ़ में हाफ बिजली बिल योजना में बड़ा बदलाव, अब सिर्फ 100 यूनिट तक ही मिलेगा लाभ
अंजुमन इस्लामिया कमेटी कांकेर के अध्यक्ष जावेद मेमन ने भी इस मामले को गंभीर बताया और कहा, “तीन तलाक़ के माध्यम से तलाक़ देना कानूनन अपराध है। ऐसे कृत्य मुस्लिम समाज के लिए भी घातक हैं। समाज को इस पर सख्त रुख अपनाना चाहिए।”




