प्रयागराज। कल संगम नगरी प्रयागराज से ऐसी तस्वीरें सामने आएंगी जिसे देखकर हर सनातनी का सीना गर्व से चौड़ा हो जाएगा। कल 29 जनवरी को महाकुंभ में मौनी अमावस्या के मौके पर दूसरा अमृत स्नान है। अनुमान है कि करीब 10 करोड़ से ज्यादा लोग कल संगम में स्नान करेंगे। दुनिया के कई छोटे देशों की आबादी से ज्यादा लोग कल प्रयागराज में अमृत स्नान करते नजर आएंगे।
पल-पल का अपडेट ले रहे CM योगी
यूपी के प्रयागराज से जो तस्वीरें आएंगी वो सिर्फ हमारा देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया देखेगी। महाकुंभ में मौनी अमावस्या के लिए अलग तरह के इंतजाम किए गए हैं। प्रयागराज समेत 10 जिलों के डीएम और कप्तानों को तैनात किया गया है। 10 करोड़ पब्लिक एक जगह जमा हो तो उसे संभालना आसान नहीं है। सूबे के बड़े अधिकारी दिन-रात तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं और खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पल-पल का अपडेट ले रहे हैं।
श्रद्धालुओं के लिए एडवाइजरी जारी
मौनी अमावस्या के पवित्र अवसर पर करोड़ों श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे हैं जिनकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए मेला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुंभ) राजेश द्विवेदी ने बताया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने और सतर्क रहने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा आपात स्थिति में मेला पुलिस, यातायात पुलिस और विशेष डॉक्टरों की टीम श्रद्धालुओं की देखरेख के लिए 24 घंटे तैनात की गई है। द्विवेदी ने बताया कि 29 जनवरी को पड़ रही मौनी अमावस्या को लेकर पुलिस और प्रशासन श्रद्धालुओं की मदद के लिए 24 घंटे उपलब्ध हैं।




