धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 53 पेटी देसी शराब जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 2.25 लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई अर्जुनी थाना क्षेत्र के धौराभाठा गांव में की गई।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव के एक मकान में भारी मात्रा में अवैध देसी शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर अर्जुनी थाना पुलिस ने मौके पर छापेमारी की, जहां से 53 पेटी देसी शराब बरामद हुई। इस मामले में खिलावन और कमलेश नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
बड़े नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अवैध शराब के भंडारण और सप्लाई के पीछे किसी बड़े नेटवर्क का हाथ हो सकता है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जानी थी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।




