नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय (MEA) ने व्हाइट हाउस के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो के हालिया बयानों को गलत और भ्रामक बताते हुए कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि नवारो के बयान पूरी तरह असत्य और भ्रामक हैं, जिन्हें भारत खारिज करता है।
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 50% टैरिफ के बचाव में नवारो ने विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि ‘ब्राह्मण’ भारतीय लोगों की कीमत पर मुनाफाखोरी कर रहे हैं। इस पर विदेश मंत्रालय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
जायसवाल ने कहा कि भारत-अमेरिका संबंध बेहद अहम हैं और यह व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी साझा हितों, लोकतांत्रिक मूल्यों और मजबूत जन-जन रिश्तों पर आधारित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनौतियों और बदलावों के बावजूद यह साझेदारी मज़बूत बनी रही है और दोनों देश ठोस द्विपक्षीय एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आपसी सम्मान और साझा हितों के आधार पर भारत-अमेरिका रिश्ते आगे और प्रगाढ़ होंगे। प्रवक्ता ने अलास्का में चल रहे संयुक्त सैन्य अभ्यास और हाल ही में हुई 2+2 अंतर-सत्रीय बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि ये पहल दोनों देशों की मजबूत साझेदारी का प्रमाण हैं।




