चंडीगढ़। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या के मामले ने हरियाणा प्रशासन में भूचाल ला दिया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के हस्तक्षेप के बाद बड़े कदम उठाने की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक, डीजीपी शत्रुजीत सिंह कपूर को छुट्टी पर भेजने का फैसला हो गया है, वहीं ओपी सिंह को कार्यवाहक डीजीपी बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही रोहतक एसपी नरेंद्र बिजारनिया को भी छुट्टी पर भेजा जाएगा।
यह कार्रवाई उस शिकायत के बाद शुरू हुई है, जिसमें वाई पूरन कुमार की पत्नी और आईएएस अधिकारी अमनीत पी कुमार ने डीजीपी कपूर और एसपी बिजारनिया पर मानसिक उत्पीड़न, जातिगत भेदभाव और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने यह शिकायत चंडीगढ़ के सेक्टर-11 थाने में दर्ज कराई थी।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आज दिवंगत अधिकारी के परिजनों से मुलाकात कर न्याय और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। बताया जा रहा है कि डीजीपी कपूर के छुट्टी पर भेजे जाने का आदेश किसी भी समय जारी हो सकता है। फिलहाल मामला मुख्यमंत्री कार्यालय और गृह विभाग के संज्ञान में है, जबकि चंडीगढ़ पुलिस ने कहा है कि वे शिकायत की कानूनी जांच कर आगे की कार्रवाई करेंगे।




