बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण अवसर जुड़ा, जब जस्टिस अरविन्द कुमार वर्मा ने स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह हाईकोर्ट परिसर में गरिमापूर्ण माहौल में आयोजित किया गया, जहां चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने अपने न्यायालय कक्ष में उन्हें विधिवत शपथ दिलाई। इस दौरान सभी न्यायाधीश, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
जस्टिस वर्मा की नियुक्ति संबंधी अधिसूचना केंद्र सरकार के विधि एवं विधायी कार्य विभाग द्वारा 11 दिसंबर 2025 को जारी की गई थी। इसके बाद बुधवार को उन्हें आधिकारिक रूप से पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में महाधिवक्ता विवेक शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता, रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री अधिकारी, न्यायिक अकादमी के प्रतिनिधि और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी ने जस्टिस वर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
जस्टिस वर्मा की नियुक्ति से हाईकोर्ट की न्यायिक क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने और लंबित मामलों के त्वरित निपटान में उनके अनुभव से मदद मिलने की संभावना है। समारोह सादगीपूर्ण और गरिमामय रहा। अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों ने इस नियुक्ति को न्यायपालिका के लिए महत्वपूर्ण बताया और कहा कि जस्टिस वर्मा का अनुभव प्रदेश की न्याय व्यवस्था को नई दिशा देगा।




