चेन्नई।
तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने करूर रैली में हुई भगदड़ की स्वतंत्र जांच के लिए मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै बेंच में याचिका दायर करने का ऐलान किया। इस हादसे में 10 बच्चों सहित 40 लोगों की जान गई। पार्टी का दावा है कि यह घटना कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश थी। उन्होंने भीड़ में पथराव और पुलिस के लाठीचार्ज की घटनाओं का भी जिक्र किया।
सूत्रों के मुताबिक, जस्टिस एन. सेंथिलकुमार आज शाम 4:30 बजे एक याचिका पर सुनवाई करेंगे, जिसमें टीवीके पर जांच पूरी होने तक सार्वजनिक सभाओं पर रोक लगाने की मांग की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विजय के पहुंचने से पहले बिजली गुल होने, संकरी सड़कों और अचानक बढ़ी भीड़ के कारण अफरा-तफरी मच गई। इससे परिवार बिछड़ गए, और महिलाओं व बच्चों का दम घुटने लगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट्स में कई मौतों का कारण दम घुटना बताया गया। अगले दिन घटनास्थल पर बिखरे जूते, चप्पलें, फटे कपड़े, टूटे डंडे और कुचली बोतलें हादसे की भयावहता को दर्शा रहे थे।




