रायपुर। रक्षाबंधन सहित आगामी त्यौहारों के मद्देनज़र खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा प्रदेशभर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिमगा एवं भाटापारा क्षेत्र की मिठाई दुकानों और होटलों का निरीक्षण किया गया।
Read Also- अंधविश्वास बना हत्या की वजह, पोते ने दादा का गला रेतकर की निर्मम हत्या
खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने सिमगा स्थित बालाजी जोधपुर स्वीट्स से खोवा कतली और श्री कृष्णा डेयरी से पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। साथ ही भाटापारा स्थित ट्रांसपोर्ट ऑफिस और गैराज का भी निरीक्षण कर संबंधित रिकॉर्ड खंगाले गए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं अमानक या नियम विरुद्ध खाद्य सामग्री का परिवहन तो नहीं किया जा रहा है।
जांच के दौरान टीम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार का खाद्य पदार्थ या मिठाई बिना पक्का बिल और रसीद के ट्रांसपोर्ट न किया जाए। विभाग ने सभी व्यापारियों को निर्देशित किया है कि त्योहारी सीजन में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।




