अलीगढ़। जिले के गांधी पार्क थाना इलाके में रहने वाले करीब 30 परिवार दबंगों से परेशान हैं. बहन, बेटियों के साथ छेड़छाड़ और गंदे कमेंट्स किए जाते हैं. उनके डर से लोगों ने अपने घर के बाहर पोस्टर लगाए हैं, जिस पर लिखा है यह ‘मकान बिकाऊ है’. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की है.
पोस्टर लगाने की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली, तत्काल इलाके के इंस्पेक्टर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. साथ ही उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. यह मामला अलीगढ़ के नौरंगाबाद क्षेत्र का है. यहां रहने वाले ब्राह्मण परिवारों का कहना है कि जाति विशेष के दबंगों ने उनका जीना मुश्किल कर दिया है.
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी
इस मामले पर एएसपी पुनीत द्विवेदी ने बताया कि थाना गांधी पार्क में दो परिवारों के बीच झगड़ा हुआ. इसके कारण एक पक्ष ने अपने और आस-पास के घरों में कुछ पोस्टर लगा दिए गए हैं. पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर मिली है, उसी के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है. मोहल्ले में शांति बनी हुई है. पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.




