गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के जिला अस्पताल में शुक्रवार रात इलाज के दौरान नशे में धुत कुछ लोगों ने जमकर हंगामा और मारपीट की। दरअसल, एक सड़क हादसे में घायल तीन युवकों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से एक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
आरोप है कि मृतक के परिजन और साथी, जो नशे की हालत में थे, महिला डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ पर बेवजह दबाव बनाने लगे। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सकों से बदतमीजी की और बीच-बचाव करने आए वार्ड बॉय, गार्ड और सफाई कर्मियों के साथ मारपीट की, जिससे अस्पताल में दहशत का माहौल बन गया।
अस्पताल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों (सुनील, मनीष, संतोष और प्रमोद रजक) के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। सिविल सर्जन डॉ. देवेंद्र सिंह पैकरा ने बताया कि डॉक्टरों और कर्मचारियों के साथ ऐसी हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।




