कोरबा। जिले में आसमान से हुई आफत ने एक परिवार की खुशियाँ मातम में बदल दीं। हरदी बाजार थाना क्षेत्र के उतरता गांव, लौतना पारा में शनिवार को खेत में काम कर रहे दंपती पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 महीने की गर्भवती पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतक की पहचान प्रवीण कुमार मरावी के रूप में हुई है। उनकी पत्नी कीर्ति मरावी को घायल अवस्था में जिला मेडिकल कॉलेज, कोरबा में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
Read Also- फैमिली कोर्ट में दो हेड कॉन्स्टेबलों के बीच मारपीट, जज की फटकार के बाद कोर्ट परिसर में भिड़े
परिजनों ने बताया कि घटना के समय दंपती खेत में काम कर रहे थे। अचानक मौसम बदला और तेज गरज के साथ बिजली कड़कने लगी। तभी आकाशीय बिजली सीधे उन पर गिर गई। प्रवीण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, कीर्ति बेहोश होकर करीब एक घंटे तक खेत में पड़ी रहीं। होश आने पर उन्होंने अपने ससुर को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रवीण को मृत घोषित कर दिया।
परिजन संजय कुमार ने बताया कि प्रवीण और कीर्ति की शादी को केवल एक साल ही हुआ था। परिवार में नन्हें मेहमान के आने का इंतजार था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि जिला अस्पताल चौकी को घटना की सूचना मिली थी। परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।




