प्रयागराज। आज महाकुंभ का दूसरा अमृत स्नान है। आज मौनी अमावस्या के मौके पर महाकुंभ में 10 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं के स्नान करने का अनुमान है। लेकिन उससे पहले प्रयागराज में संगम तट पर भगदड़ मची है…जिसमें कई श्रद्धालुओं के मरने की खबर है.वहीं घायलों को महाकुंभ नगर के केंद्रीय अस्पताल और प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल ले जाया गया है। प्रशासन के मुताबिक मेला क्षेत्र मे कुछ महिलाओ के दम घुटने की वजह से धक्का मुक्की हुई जिसके बाद एक के ऊपर एक महिलाएं और पुरुष गिर पड़े।
घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की है. विशेष सतर्कता बरतते हुए अखाड़ा परिषद ने अमृत स्नान रद्द करने का फैसला लिया है.
लोगों को संगम क्षेत्र से बाहर निकालने के लिए बैरिकैडिंग हटा दी गई है. हालांकि, अब भी संगम तट पर लोगों का तांता लगा हुआ है. भगदड़ के बाद भी लोग किसी तरह से संगम तट की तरफ जाने की कोशिश में जुटे हुए हैं. साधु-संत लोगों से संगम तट न जाने की अपील कर रहे हैं.
बता दें कि 13 जनवरी से शुरू हुए महाकुंभ में अब तक करीब 15 करोड़ लोग गंगा में डुबकी लगा चुके हैं. आज यानी बुधवार को मौनी अमावस्या पर ही 10 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है.




